काशीपुर। उत्तराखंड कांग्रेस की राजनीति में हरीश रावत का नाम सबसे बड़े चेहरे के रूप में लिया जाता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय करने वाले रावत को कांग्रेस का सिरमौर कहा जाता रहा है। लेकिन काशीपुर की धरती पर यही कद चुनावी जीत में तब्दील नहीं हो सका। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि काशीपुर में हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेस को कई बार चुनावी मैदान में उतरना पड़ा, लेकिन हर बार नतीजा उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। न तो उनके करीबी प्रत्याशी यहां से जीत का परचम लहरा सके और न ही खुद हरीश रावत को काशीपुर क्षेत्र में वैसी सफलता मिली, जैसी उनकी राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय छवि से अपेक्षित थी। काशीपुर के पुराने कांग्रेसी कार्यकर्ता भी दबी जुबान में मानते हैं कि हरीश रावत का प्रभाव भले ही पूरे प्रदेश में रहा हो, लेकिन काशीपुर की स्थानीय राजनीति, जातीय समीकरण और जमीनी संगठन में वह पकड़ नहीं बन पाई, जो जीत के लिए जरूरी होती है। यही वजह है कि यहां कांग्रेस बार-बार सत्ता की दौड़ में पिछड़ती रही। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की होती है कि हरीश रावत खुद भी पराजय का मुंह देख चुके हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्हें चुनावी हार का सामना करना पड़ा, जिसने कांग्रेस के भीतर भी कई सवाल खड़े कर दिए। विरोधियों ने तो यहां तक कहा कि बड़ा नाम होना ही जीत की गारंटी नहीं होता, जनता जमीनी काम और स्थानीय जुड़ाव को तरजीह देती है। काशीपुर में आज भी जब चुनावी चर्चा छिड़ती है, तो हरीश रावत के नाम पर दो तरह की राय सामने आती है। एक वर्ग उन्हें कांग्रेस का सबसे अनुभवी और बड़ा नेता मानता है, तो दूसरा वर्ग कहता है कि काशीपुर में उनका चुनावी रिकॉर्ड उनके कद के अनुरूप नहीं रहा। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह सवाल एक बार फिर उठ खड़ा हुआ है कि क्या कांग्रेस काशीपुर में हरीश रावत के भरोसे ही मैदान में उतरेगी, या फिर यहां के स्थानीय, जमीनी और युवा नेतृत्व को मौका देकर नए समीकरण बनाएगी। फिलहाल इतना तय है कि काशीपुर की राजनीति में हरीश रावत का नाम भले ही बड़ा हो, लेकिन यहां की चुनावी हकीकत कांग्रेस के लिए हमेशा चुनौती भरी रही है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
