March 6, 2026
IMG_20260202_125257

काशीपुर। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए आम बजट को लेकर कांग्रेस एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अनुपम शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के युवाओं, किसानों, मध्यम वर्ग और आम नागरिकों की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेरने वाला है। सरकार ने एक बार फिर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को राहत देकर आम जनता के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में युवाओं के भविष्य के लिए पूरी तरह अंधेरा दिखाई दे रहा है। न तो रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस योजना है और न ही शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को कोई राहत दी गई है। आज देश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, लेकिन सरकार केवल आंकड़ों का खेल खेल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है। डॉलर के मुकाबले रुपये की लगातार गिरती कीमत बेकाबू महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दाम, और सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतें आम आदमी की कमर तोड़ रही हैं। इसके बावजूद सरकार ने महंगाई पर कोई ठोस नियंत्रण उपाय इस बजट में नहीं दिखाया। सरकार के खोखले दावों की पोल बजट खोलकर रख देता है। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों और किसानों को इस बजट से राहत की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें केवल निराशा हाथ लगी है। किसान आज भी लागत और कर्ज के बोझ तले दबा है, लेकिन बजट में उनकी आय बढ़ाने को लेकर कोई ठोस रोडमैप नहीं है। उन्होंने  कहा कि यह बजट जनविरोधी,युवा विरोधी और गरीब विरोधी है। कांग्रेस पार्टी इस बजट का पुरजोर विरोध करती है और सड़कों से लेकर संसद तक आम जनता की आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे बजट की जरूरत थी जो रोजगार दे, महंगाई से राहत दे और अर्थव्यवस्था को मजबूत करे,लेकिन दुर्भाग्यवश यह बजट केवल सरकार की विफलताओं को छुपाने का दस्तावेज बनकर रह गया है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *