March 6, 2026
IMG-20260209-WA0208

काशीपुर। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आ रहे शिव भक्त कावरियों को काशीपुर क्षेत्र में प्रवेश करने पर अब अंधेरे का सामना नहीं करना होगा। महापौर दीपक बाली ने  नये ढेला पुल पर लाइटिंग व्यवस्था को परमानेंट करा दिया है। उन्होंने नगर निगम के माध्यम से करीब 2 लाख रू के खर्चे से इस पूरे रास्ते पर खंबे लगवा कर उन पर हाई मास्क लाइटें लगवा दी हैं। उल्लेखनीय है कि शिवरात्रि महापर्व पर वर्षों से उत्तराखंड के ही नहीं उत्तर प्रदेश के हजारों शिव भक्त कावरिये कांवर लेकर अपने-अपने दूर दराज के क्षेत्र में जाते हैं लेकिन उन्हें काशीपुर क्षेत्र में समस्या तब आती थी जब यहां नये ढेला पुल पर रोशनी की कोई भी व्यवस्था नहीं थी और अक्सर आम जनता के साथ-साथ कांवरियों के साथ दुर्घटनाएं भी हो जाती थी। काशीपुर की जनता एवं स्वयं कांवरियों के द्वारा मांग की जाती थी कि काश यहां के जनप्रतिनिधि ढेला पुल पर रोशनी की व्यवस्था कर दें तो बहुत अच्छा हो जाएगा और काशीपुर का एक बेहतर संदेश भी दूर-दूर तक जाएगा लेकिन किसी का भी ध्यान इस ओर नहीं गया। गत वर्ष  महापौर बनते ही दीपक बाली ने मामले का संज्ञान लिया। समय बहुत कम था इसलिए उन्होंने सरकारी व्यवस्था के बजाय खुद अपने पैसे से पूरे ढेला पुल पर जनरेटर से लाइटें लगवा दी थीं जिससे शिव भक्तों  के साथ-साथ आम जनता को भी काफी राहत मिली थी और लाइट लगने से कोई दुर्घटना भी नहीं हुई। इस बार महापौर ने समय रहते स्वत: संज्ञान लेते हुए उस समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के माध्यम से 21 बिजली के पोल लगवा कर उन पर हाई मास्क लाइटें लगवा दी गई है ताकि आम जनता के साथ-साथ कांवरियों को कोई परेशानी न हो। उनके द्वारा कराए गए इस कार्य की चारों ओर प्रशंसा हो रही है। महापौर ने कहा कि वैसे तो इस क्षेत्र की सड़क भी बहुत अच्छी स्थिति में है लेकिन फिर भी नंगे पैर कांवर लाने वाले शिव भक्तों को कोई कष्ट ना हो इसलिए सड़कों की सफाई का भी बेहतर इंतजाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिव भक्तों को कोई कष्ट नहीं होने दिया जाएगा और शहर के अंदर भी सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई है और जहां-जहां शिव भक्तों की सेवा हेतु भंडारे लगते हैं उन क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *