काशीपुर। नगर में रविवार को भगवान श्री परशुराम जी की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। परशुराम वाहिनी के तत्वावधान में ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और जयकारों के बीच किला तिराहा से आरंभ हुई शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान जय परशुराम के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्री गौड़ सभा अध्यक्ष अनिल शर्मा, परशुराम वाहिनी के पीयूष गौड़ एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार मिश्रा एडवोकेट के नेतृत्व में निकाली गई शोभायात्रा के माध्यम से समाज में एकता, ब्राह्मण एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया गया। आयोजन में परशुराम वाहिनी के शिवम शर्मा की महती भूमिका रही। शोभायात्रा की कमान भी उन्होंने ही संभाली।
इस दौरान शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि भगवान परशुराम ने पूरे विश्व में मानव सुरक्षा का बिगुल बजाया। उनसे प्रेरणा लेकर मानवीयता के प्रति हमें जागरूक होना चाहिए।
वहीं, शिवम शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम विष्णु के छठे अवतार के रूप में आये और उन्होंने पृथ्वी से आततायियों का अंत किया। इस युग में भी भगवान परशुराम जैसे अवतार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को कोई बांट नहीं पाया और न ही कोई बांट पायेगा। पीयूष गौड़ ने कहा कि यह दिन भगवान विष्णु के छठे अवतार के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो शक्ति और ज्ञान का प्रतीक है।
शोभायात्रा का समापन रामलीला मैदान में भगवान परशुराम की आरती के साथ किया गया। उपस्थित जनों ने परशुराम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अवधेश चौबे, संदीप चतुर्वेदी, संदीप मिश्रा, हेमचंद भट्ट, अनुपम शर्मा, अलका पाल, विमल गुड़िया, डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, यथार्थ आत्रेय आदि समेत भारी संख्या में ब्राह्मण बंधु उपस्थित रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
