November 10, 2026
IMG-20261110-WA0046

काशीपुर। ठेकेदार कंपनी की लापरवाही के चलते पर्यावरण मित्रों द्वारा दिवाली के दिन शहर में कूड़ा फैलाकर किए गए विरोध प्रदर्शन के मामले में महापौर दीपक बाली ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। पर्यावरण मित्रों को समय पर वेतन न मिलने के मामले में जिम्मेदार मानी जा रही कूड़ा निस्तारण कंपनी एमएसएमडब्ल्यू का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और साथ ही नगर निगम ने कूड़ा निस्तारण व्यवस्था के लिए नई निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं। महापौर के इस फैसले को शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर उनकी सख्त कार्यशैली और पर्यावरण मित्रों के हितों के प्रति गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि बीती 8 नवंबर को दिवाली के दिन पर्यावरण मित्रों ने वेतन न मिलने के विरोध में शहर के मुख्य चौराहे महाराणा चौक सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़ा डालकर अपना आक्रोश जताया था। इस घटना से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और त्योहार के दिन जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर दीपक बाली तत्काल मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर ही नाराजगी जताते हुए संबंधित कूड़ा निस्तारण कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
महापौर ने उसी समय स्पष्ट कर दिया था कि पर्यावरण मित्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर की सफाई व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा। महापौर की कड़ी चेतावनी के बाद कूड़ा निस्तार कंपनी ने कर्मचारियों के खाते में कुछ पैसे डाल दिए थे। अपने द्वारा कड़ी कार्रवाई किए जाने के वायदे पर कायम रहते हुए महापौर दीपक बाली ने एमएसएमडब्ल्यू कंपनी का ठेका निरस्त कर नई निविदाएं आमंत्रित करने का निर्णय लिया है और नगर निगम प्रशासन इस कार्रवाई में जुट गया है तथा नई निविदाओं के आमंत्रण की कार्रवाई शुरू हो गई है

महापौर दीपक बाली ने कहा कि पर्यावरण मित्र हमारे मित्र हैं। वे केवल हमारे ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के मित्र हैं। शहर को स्वच्छ रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि पर्यावरण मित्रों के हितों की रक्षा के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना भी नगर निगम की प्राथमिकता है। इसमें किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि एमएसएमडब्ल्यू कंपनी को पिछले नगर निगम बोर्ड के समय में आगामी 20 वर्षों के लिए कूड़ा निस्तारण का ठेका दिया गया था। लंबे समय से इस ठेके और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को लेकर विवाद तथा असंतोष की स्थितियां सामने आती रही थीं मगर महापौर अपनी सूझबूझ से काम चलाते रहे और समय-समय पर ठेकेदार कंपनी को अपने काम में सुधार करने की हिदायत देते रहे लेकिन हद तो उस समय हो गई जब दीपावली से तीन दिन पूर्व नगर निगम से भुगतान लेने के बाद भी ठेकेदार कंपनी ने कर्मचारियों को बोनस तो दूर वेतन तक देना गवारा नहीं समझा । अब महापौर के निर्देश पर पुराना ठेका निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर नई निविदाएं आमंत्रित किए जाने से काशीपुर की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में बदलाव का रास्ता खुल गया है।दिवाली के दिन पैदा हुई अव्यवस्था के बाद महापौर का यह फैसला एक स्पष्ट संदेश भी है कि पर्यावरण मित्रों के वेतन और सम्मान की अनदेखी नहीं की जा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *