April 23, 2026
मानव गरिमा ब्यूरो

काशीपुर। उत्तराखंड की सबसे बड़ी शिव कांवर को भाजपा नेता दीपक बाली ने पूजा-अर्चना के उपरांत हरिद्वार के लिए रवाना किया और कांवर लाने वाले सभी शिव भक्तों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। यह कांवर सात मार्च को नगर में पहुंचेगी और पहली बार यह नगर से होते हुए मोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। कांवर रवाना होने के समय नगर के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति और आम जन मौजूद रहे। शिव भक्तों सहित सभी लोगों का पूर्व पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने तिलक कर स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि पिछले कई वर्षों से नगर के मोहल्ला कटरामालियान से उत्तराखंड की सबसे बड़ी कांवर लेकर काशीपुर के शिव भक्त शिवरात्रि के अवसर पर गंगा जल लेने हरिद्वार जाते हैं। इस बार भी यह कांवर करीब ढाई कुंतल की है, जिसे एक साथ 12 शिव भक्त उठाएंगे। शिव भक्तों के महंत भानु कश्यप, सनी कश्यप, सागर कश्यप, शिवम कश्यप, उदित कश्यप, अजय तोमर, जॉनी तोमर ने बताया कि इस कांवर को लाने वाले शिव भक्तों के जत्थे में 40 शिव भक्त शामिल हैं, जो बारी-बारी से कांवर को लेकर आएंगे ।कांवर को भव्य ढंग से सजाया गया है, जिसमें बिजली की झालरें भी लगाई गई हैं। यह कांवर इतनी बड़ी होती है कि पुलिस इसे शहर के मध्य से होकर नहीं आने देती जिस कारण नगरवासी इस कांवर को देखने से वंचित रह जाते हैं। लेकिन इस बार भाजपा नेता दीपक बाली ने शिव भक्तों को विश्वास दिलाया है कि वह खुद 7 मार्च को नगर में पहुंचने वाली इस कांवर का गंगे बाबा मंदिर के पास शानदार स्वागत करेंगे और फिर इसे किला बाजार की तरफ से मुख्य बाजार होते हुए शहर के बीच से लाएंगे ताकि नगरवासी भी इसके दर्शन कर पुण्य लाभ कमा सकें। श्री बाली के इस विश्वास देने से कांवर लाने वाले शिव भक्तों में अपार खुशी महसूस की गई। दीपक बाली द्वारा इस कांवर को रवाना किए जाते समय सुनील टंडन, रचिन गुप्ता, सचिन गुप्ता, पूर्व पार्षद राधेश्याम प्रजापति, योगेश जोशी, बिट्टू राणा, अमित सक्सेना, अमिताभ सक्सेना एडवोकेट, पवित्र शर्मा, महेंद्र खुराना, कृष्ण कुमार, कैलाश प्रजापति एडवोकेट, राजकुमार यादव सहित सैकड़ों स्त्री-पुरुष मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *