बाजपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत स्पेशल टास्क फोर्स को उत्तराखंड में एक और बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ, पंजाब पुलिस और ऊधमसिंहनगर की पुलिस ने आज एक संयुक्त और बेहद संवेदनशील ऑपरेशन में पंजाब के एक बड़े वांछित अपराधी को बाजपुर के केशवनगर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले सिंडिकेट का मुख्य हिस्सा बताया जा रहा है। आरोपी की पहचान ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, निवासी नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी के रूप में हुई है।एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से इनपुट मिला था कि अमृतसर का एक शातिर तस्कर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में शरण लिए हुए है।
सूचना मिलते ही एसटीएफ ने जाल बिछाया। आज तड़के एसटीएफ, पंजाब एएनटीएफ और बाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजपुर के मोहल्ला केशवनगर में छापेमारी कर आरोपी ईशानप्रीत सिंह को चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बीती 23 मई को पंजाब के अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सीमा सुरक्षा बल ने ईशानप्रीत के घर पर एक बड़ी रेड की थी। उस दौरान पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मकान की छत से छलांग लगाकर पीछे के रास्ते फरार हो गया था। तब से वह अपनी पहचान छुपाकर बाजपुर में रह रहा था। 23 मई को हुई तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को आरोपी के घर से हथियारों और नशीले पदार्थों का भारी जखीरा मिला था। उसके घर से कुल 12 अवैध पिस्टल मिले, जिसमें 03 बरेटा पिस्टल, 03 जिगाना पिस्टल और 06 मेड इन चाइना पिस्टल थी साथ ही लगभग 900 ग्राम शुद्ध हेरोइन भी बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी ईशानप्रीत के पास सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए इंटरनेशनल बॉर्डर पर यह भारी मात्रा में अवैध हथियार और ड्रग्स पहुंचाए गए थे। इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खुलासे के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं। एसटीएफ ने बाजपुर से गिरफ्तारी के बाद आरोपी से प्राथमिक पूछताछ की, जिसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत पूछताछ के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पंजाब पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उत्तराखंड और बाजपुर में उसे पनाह देने में स्थानीय स्तर पर किन लोगों ने मदद की थी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
