संभल। चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के बदायूं रोड स्थित आईटीआई के निकट पेट्रोल पंप के पास सोमवार शाम अवैध संबंधों की रंजिश में एक युवक की लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बदायूं चुंगी निवासी राजेश (35) शराब की दुकान के पास कैंटीन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। मृतक के छोटे भाई सुरेश ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले राजेश मोहल्ले के ही ट्रक चालक तोताराम की पत्नी को लेकर चला गया था। इसके बाद उसने महिला को बनियाठेर क्षेत्र के गांव देवरखेड़ा स्थित अशोकनगर में किराये के मकान में रखा हुआ था। इसी बात को लेकर तोताराम राजेश से रंजिश रखता था। सुरेश के अनुसार सोमवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच राजेश अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक महिला की कॉल आई। कॉल आने के बाद वह बाइक से बेहतरी फाटक की ओर चला गया। आरोप है कि आईटीआई के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट उसकी तोताराम से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तोताराम ने राजेश के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी संत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी विवेक जावला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
