July 25, 2026
Screenshot_2026-07-25-14-04-00-04

काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद उधम सिंह नगर के कुशल निर्देशन में पूरे जनपद में साइबर अपराधियों एवं साइबर धोखाधड़ी के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली आईटीआई पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं। अभियान निरंतर जारी है। कोतवाली आईटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक साइबर सेल से प्राप्त संदिग्ध चेक आहरण संबंधी सूचना की जांच के दौरान स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, शाखा बाजपुर रोड, काशीपुर के एक खाते की जांच की गई। एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के अनुसार, उक्त खाते में  22 मई 2026 को धोखाधड़ी के माध्यम से 97,546 रुपये मंगाए गए थे, जिन्हें उसी दिन विभिन्न माध्यमों से निकाल लिया गया। पूछताछ एवं जांच में ज्ञात हुआ कि अभियुक्त अभिषेक पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम कनकपुर, कोतवाली आईटीआई, जनपद उधम सिंह नगर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी की रकम अपने खाते में मंगाता था तथा इसके बदले कमीशन प्राप्त करता था। दूसरे मामले में एसबीआई के एक और संदिग्ध खाते के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल की जांच करने पर देश के आठ अलग-अलग राज्यों से कुल आठ शिकायतें दर्ज पाई गईं। अभियुक्त आकाश सिंह पुत्र बलकार सिंह, निवासी- खाईखेड़ा, थाना आईटीआई, जनपद उधम सिंह नगर द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के शिकार हुए निर्दोष लोगों से धोखाधड़ी की धनराशि अपने उक्त बैंक खाते में प्राप्त की जाती थी।
इसी तरह एसबीआई के एक और संदिग्ध खाते के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल की जांच में देश के चार राज्यों से कुल चार शिकायतें दर्ज होना पाई गईं। अभियुक्त काव्यांश शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी- डिफेंस कॉलोनी, श्यामपुरम कॉलोनी, खड़कपुर देवीपुरा, थाना आईटीआई, जनपद उधम सिंह नगर द्वारा विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी का पैसा अपने खाते में मंगाया जाता था। अभियुक्त वर्तमान में एक अन्य मुकदमा धारा 191(2), 318(4), 115(2), 351(2), 101(1), 3(5) BNS) के तहत जिला कारागार मुरादाबाद में निरुद्ध है। उपरोक्त तीनों मामलों में धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमे दर्ज किये गये हैं।

जनहित में अपील : कोतवाली आईटीआई पुलिस ने समस्त नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते की जानकारी साझा न करें और न ही कमीशन के लालच में आकर अपने खाते में किसी अन्य का संदिग्ध पैसा मंगाएं। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime gov in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *