काशीपुर। मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद प्रभार प्रधान आयकर आयुक्त, बरेली से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बकाया मांग एवं जन शिकायत निवारण शिविर की समयावधि 14 अगस्त तक बढ़ाई गई है। करदाताओं के बकाया मांग संबंधी मामलों तथा अन्य मामलों के निस्तारण के लिए आयकर विभाग, इलाहाबाद द्वारा 15 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक बकाया मांग एवं जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रभार के सभी अधीनस्थ कार्यालयों में आयोजित किया गया। मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद के निर्देशानुसार इस शिविर के अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों की प्रतिदिन गहन निगरानी की जा रही है तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है जिसके परिणामस्वरूप मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद प्रभार क्षेत्राधिकार में आने वाले आयकर कार्यालयों में 31 जुलाई 2026 तक कुल 1273 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 911 आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया।
श्रीमती मीनाक्षी सिंह, मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद द्वारा करदाताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तथा 31 जुलाई, 2026 को आयकर विवरणी दाखिल करने की अंतिम तिथि होने के कारण एवं आयकरदाताओं, बार एसोसिएशंस एवं सीए एसोसिएशंस व टैक्स प्रैक्टिशनरों की निरंतर मांग को ध्यान में रखते हुए इस शिविर की अवधि को 14 अगस्त, 2026 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने प्रभार के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सीए एवं बार एसोसिएशंस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें ताकि करदाता अपनी समस्याओं का समाधान समय पर करा सकें। प्रधान आयकर आयुक्त, बरेली राधे श्याम के दिशा-निर्देशन में बरेली प्रभार के सभी अधीनस्थ कार्यालयों में 14 अगस्त 2026 तक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से करदाताओं की लंबित शिकायतों, रेक्टिफिकेशन आवेदनों, अपील प्रभाव संबंधी मामलों तथा करदाता सेवाओं से जुड़े अन्य विषयों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।आयकर विभाग, बरेली द्वारा सभी करदाताओं, अधिवक्ताओं व टैक्स प्रैक्टिशनरों से अपील की गई है कि वे इस विस्तारित अवधि का लाभ उठाएं और अपनी बकाया मांग व शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कराएं।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
