November 7, 2026
Screenshot_2026-11-07-11-41-40-12

    नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी, 2027 से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाएं नौ मार्च तक और 12वीं की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। बोर्ड ने इस बार परीक्षा शुरू होने से करीब 101 दिन पहले डेटशीट जारी की है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के अनुसार, 10वीं कक्षा के विद्यार्थी 83 विषयों और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी 121 विषयों की परीक्षाओं में शामिल होंगे।              इस बार 10वीं के 26.5 लाख से अधिक और 12वीं के 19.8 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।बोर्ड के मुताबिक, स्कूलों की ओर से विषय चयन का विवरण समय पर उपलब्ध कराने के कारण डेटशीट पहले जारी करना संभव हुआ। परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विद्यार्थियों के आमतौर पर एक साथ चुने जाने वाले विषयों के बीच पर्याप्त अंतराल रखा गया है। 12वीं की डेटशीट बनाते समय प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की संभावित तारीखों का भी ध्यान रखा गया है।
*10वीं की परीक्षा पेंटिंग से शुरू, गणित का पेपर 17 फरवरी को : कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी को पेंटिंग विषय के पेपर के साथ शुरू होंगी। 17 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की परीक्षा होगी। विज्ञान का पेपर 22 फरवरी, अंग्रेजी का 26 फरवरी, हिंदी का तीन मार्च और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आठ मार्च को होगी। अंतिम परीक्षा नौ मार्च को आयोजित की जाएगी।

**12वीं की पहली परीक्षा भौतिकी की :
कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी को भौतिकी के पेपर से शुरू होंगी। इसके बाद रसायन विज्ञान की परीक्षा 27 फरवरी, अंग्रेजी की पांच मार्च और गणित की परीक्षा नौ मार्च को होगी। गृह विज्ञान का पेपर 11 मार्च, हिंदी का 13 मार्च, अर्थशास्त्र का 16 मार्च और राजनीति विज्ञान का 19 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

***जीव विज्ञान की परीक्षा 25 मार्च, इतिहास की 27 मार्च, समाजशास्त्र की 30 मार्च और कंप्यूटर की परीक्षा 31 मार्च को होगी। 12वीं की अंतिम परीक्षा नौ अप्रैल को निर्धारित की गई है।             बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों को विषयों की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। पहले डेटशीट जारी होने से छात्रों के साथ शिक्षकों और स्कूलों को भी परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *