देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को चुनावी अभियान का रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार पार्टी की रणनीति में महिला और युवा वर्ग विशेष रूप से केंद्र में हैं। महिला मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए भाजपा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक नियुक्त करेगी। वहीं युवाओं को जोड़ने के लिए शक्ति केंद्रों से लेकर महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों तक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। पार्टी की इस कवायद का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि चुनावी तैयारी को केवल मुख्य संगठन तक सीमित रखने के बजाय विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के जरिये समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने की जिम्मेदारी तय की जा रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के अनुसार पार्टी ने पहले ही सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक विस्तारकों की नियुक्ति की है। अब इसी प्रयोग को महिला कार्यकर्ताओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में एक महिला विस्तारक तैनात होगी। ये प्रवासी कार्यकर्ता संबंधित क्षेत्र में रहकर महिलाओं के बीच पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों का प्रचार करेंगी। युवा मोर्चा प्रदेश के 3032 शक्ति केंद्रों पर कार्नर मीटिंग आयोजित करने के साथ विधानसभा स्तर पर मोटरसाइकिल रैलियां और युवा सम्मेलन करेगा। महाविद्यालयों और कोचिंग सेंटरों में भी युवाओं से संपर्क किया जाएगा। पार्टी युवा वर्ग तक पहुंच बनाने के लिए पारंपरिक संगठनात्मक बैठकों के साथ सार्वजनिक और संस्थागत संपर्क कार्यक्रमों को भी माध्यम बनाने जा रही है। महिला मोर्चा को प्रत्येक बूथ पर ड्राइंग रूम मीटिंग आयोजित करने का जिम्मा दिया गया है। प्रदेश के 12543 बूथों पर प्रस्तावित इन बैठकों के माध्यम से महिलाओं से छोटे समूहों में संवाद स्थापित करने की योजना है। स्वयं सहायता समूहों और विधानसभा स्तरीय सम्मेलनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इस तरह महिला विस्तारकों की नियुक्ति और बूथ स्तर की बैठकों को एक-दूसरे का पूरक बनाने का प्रयास है। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के मुताबिक किसान मोर्चा सभी 304 मंडलों में किसान चौपाल आयोजित करेगा। एससी, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों को भी अपने-अपने सामाजिक वर्गों के बीच विधानसभा स्तर पर सम्मेलन करने की जिम्मेदारी दी गई है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
