November 18, 2026
IMG_20261118_101645

देहरादून। चुनाव से पहले भाजपा के विधायकों की गोपनीय अग्निपरीक्षा हो रही है। इस बार टिकट बंटवारे में इस अग्निपरीक्षा को पार करने वालों को ही भाजपा चुनावी रण में उतारेगी। 10 साल की सरकार के बाद संगठन ने ये कड़ा अनुशासनिक नियम लागू कर दिया है। लिहाजा, हो सकता है कि चुनाव में कई चेहरे बदल जाएं। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूरी ताकत झोंक दी है। पिछले चुनाव में मिथक तोड़कर लगातार दूसरी बार सरकार बनाने वाली भाजपा इस बार कोई भी रिस्क लेने के मूड में नहीं है। यही वजह है कि चुनाव से महीनों पहले ही पार्टी ने एक-एक सीट की माइक्रो-मैनेजमेंट शुरू कर दी है और सत्ता विरोधी लहर को मात देने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं।
सियासी गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि इस बार टिकट वितरण में किसी नेता की सिफारिश नहीं, बल्कि सिर्फ और सिर्फ जमीनी रिपोर्ट और जिताऊ क्षमता ही चलेगी। पार्टी संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर अलग-अलग एजेंसियों और गुप्त टीमों के जरिये लगातार सर्वे कराए जा रहे हैं। इन सर्वे में मुख्य रूप से तीन बातों को परखा जा रहा है। पहला विधायक अपने क्षेत्र में कितने उपलब्ध रहे और विकास के काम जमीन पर कितने उतरे। दूसरा, स्थानीय मंडल अध्यक्षों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच विधायक की छवि कैसी है। तीसरा क्षेत्र की जनता में मौजूदा विधायक को लेकर कितना असंतोष है।

कई मौजूदा विधायकों की धड़कनें तेज

आंतरिक सर्वे के शुरुआती रुझानों ने कई मौजूदा विधायकों और दिग्गजों की नींद उड़ा दी है। सूत्रों की मानें तो करीब सात विधायकों की रिपोर्ट कार्ड में रेड फ्लैग लगा है। पार्टी हाईकमान ने साफ संकेत दे दिए हैं कि चुनाव से पहले सभी कील-कांटे दुरुस्त किए जाएंगे। अगर किसी सीट पर विधायक के खिलाफ जनता में भारी नाराजगी पाई जाती है, तो पार्टी बेहिचक उनका टिकट काटने से पीछे नहीं हटेगी।

नाराजगी वाले क्षेत्रों में बाहरी रणनीतिकार

भाजपा की रणनीति का सबसे दिलचस्प पहलू उन सीटों पर देखने को मिल रहा है, जहां जनता या कार्यकर्ताओं में नाराजगी ज्यादा है। डैमेज कंट्रोल के लिए पार्टी ने यहां दूसरे राज्यों के अनुभवी कार्यकर्ताओं और विस्तारकों की टोलियां तैनात कर दी हैं। चूंकि बाहरी राज्यों के कार्यकर्ताओं का स्थानीय गुटबाजी से कोई लेना-देना नहीं होता, इसलिए वे बिना किसी भेदभाव के सीधे जनता और नाराज कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *