April 23, 2026
IMG_20260414_201230

काशीपुर। ग्राम कुआंखेड़ा में किसान के गेहूं के खेत में आग लगने के बाद 220 केवी लाइन की मरम्मत करने आए बिजली कर्मियों का विरोध करते हुए किसानों ने पीड़ित किसान को मुआवजा मिलने का ठोस आश्वासन नहीं मिलने तक मरम्मत कार्य शुरू न करने देने की चेतावनी दी। ज्ञात हो कि सोमवार को ग्राम कुआंखेड़ा में विजन वैली स्कूल के पास दो किसानों के गेहूं के खेतों में हाईटेंशन लाइन पर शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग जाने से किसानों की 12 एकड़ खेत में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई थी। आज सुबह पिटकुल के ईई नवीन प्रसाद कर्मचारियों के साथ लाइन की मरम्मत कराने पहुंचे, लेकिन किसानों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि पहले किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए। बताया कि पीड़ित किसान के खेत में पहले भी दो बार आग लग चुकी है, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। पिटकुल के ईई ने भी किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपने मांग पर डटे रहे। इधर भाकियू युवा के प्रदेश प्रवक्ता मनप्रीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की। वहीं, पिटकुल के अधिकारियों ने पटवारी की रिपोर्ट पर मुआवजा देने की बात कही। बताया कि एसडीएम से वार्ता कर पटवारी से जल्द रिपोर्ट देने की मांग की गई है। इस दौरान भाकियू के प्रदेश अघ्यक्ष कर्म सिंह पड्डा, मक्खन सिंह, हरदीप सिंह, सुरजीत सिंह व करन सिंह आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *