April 26, 2026
Screenshot_2026-04-26-20-35-59-75

रूद्रपुर (सू.वि.)। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को नगर निगम परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान शहर के लिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और रूद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए उनके मंत्रालय की ओर से संसाधनों और सहयोग की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।नगर निगम में आयोजित इस कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री ने कुल 1322.30 लाख की लागत से विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उनमें शहर की सूरत बदलने वाले कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने वार्ड संख्या 38 में राजकुमार खनिजो के होटल से लेकर रमेश कालड़ा के घर तक नाला निर्माण और विभिन्न पुलियों के लिए 40.15 लाख के कार्य का शुभारंभ किया। वहीं, वार्ड संख्या 28 स्थित सब्जी मंडी की अव्यवस्थाओं को दूर करते हुए 48.19 लाख की लागत से अस्थाई टीनशेड, सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। देवभूमि जयंती योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या 03 ट्रांजिट कैंप स्थित सुभाष पार्क के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण के लिए 159.24 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त, शहर के विभिन्न वार्डों में 494.68 लाख की लागत से हॉट मिक्स सड़कों का जाल बिछाया जाएगा, जबकि क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण (सरफेसिंग) के लिए 485.90 लाख के पृथक कार्य का भी शिलान्यास हुआ। 94.14 लाख से नगर निगम बाउंड्री वाल और नए द्वार के निर्माण का भी कैबिनेट मंत्री ने विधिवत शिलान्यास किया। सभागार में जनसमूह को संबोधित करते हुए राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आशीर्वाद और महापौर विकास शर्मा के अथक प्रयासों का ही प्रतिफल है कि आज रूद्रपुर में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि धामी जी दिन के 24 में से 20 घंटे प्रदेश को विकसित बनाने के लिए समर्पित हैं और विकास के मानकों में उन्होंने स्वर्गीय एन.डी. तिवारी जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि जिस उत्तराखंड की स्थापना अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी, उसे आज धामी सरकार अपनी संस्कृति के संरक्षण और ऐतिहासिक फैसलों के जरिए देश भर में नई पहचान दिला रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव उत्तराखंड को मिल रहा है, जिसका लाभ आज हर गली और गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सरकार के काम से पूरी तरह संतुष्ट है और 2027 में प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ डबल इंजन की सरकार हैट्रिक बनाएगी। रूद्रपुर के स्थानीय नेतृत्व की सराहना करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि महापौर विकास शर्मा के महज एक साल के कार्यकाल में शहर एक मॉडल के रूप में उभरा है। यहां स्थापित प्रदेश का पहला अत्याधुनिक वेंडिंग जोन अब पूरे उत्तराखंड के लिए नजीर बनेगा और अन्य शहरों में भी इसी तर्ज पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की प्रतिबद्धता ही सरकार की प्राथमिकता है। इससे पूर्व माननीय मंत्री ने रुद्रा वेंडिंग जोन, त्रिशूल चौक, ट्रचिंग ग्राउंड आदि क्षेत्रों का स्थलीय निरिक्षण भी किया और नगर निगम के कार्यों की प्रसंशा भी की। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान और आधुनिक सुख-सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से रूद्रपुर को प्रदेश का सबसे व्यवस्थित और विकसित शहर बनाने की दिशा में वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे और आज जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आने वाले दिनों में कई बड़े प्रोजेक्ट रूद्रपुर में धरातल पर उतारे जायेंगे। नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने नगर निगम के द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में और उनके लाभ के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ,दर्जा राज्य मंत्री फरजाना बेगम, पूर्व मेयर रामपाल सिंह,भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, अमित नारंगवरिष्ठ नेता अनिल चौहान,धीरेन्द्र मिश्रा,मोहन तिवारी, हिमांशु शुक्ला, तरूण दत्ता, वेद ठुकराल, घनश्याम श्यामपुरिया, यशपाल घई, राकेश सिंह, ,पार्षद शालू पाल,चिराग कालरा, राजेंद्र राठौड़,मानवेंद्र राय,नीतू राय, कमल पाल, शुभम दास, शालू पाल, कुसुम शर्मा, एमपी मौर्य, पवन राना, संदीप वाल्मीकि, सोनू मुल्तानी,मुकेश राजोरिया, राजन राठौर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *