काशीपुर। उत्तराखंड के इकलौते भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर यहां स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रम की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए पं. गोविंद बल्लभ पंत जयंती समारोह समिति ने मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर दीपक बाली समेत सभी आगंतुकगणों का आभार जताया है। साथ ही इस वर्ष पंत पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर चिंता व्यक्त की है। समिति संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने कहा कि समिति के द्वारा कई बार जिलाधिकारी से इस हेतु आग्रह किया गया। उन्होंने निर्देशित भी किया, किंतु कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। श्री मेहरोत्रा ने कहा कि पूर्व के वर्षों में पंत जयंती के अवसर पर पंत पार्क की रौनक देखने लायक होती थी, लेकिन पहली बार ऐसा महसूस हुआ कि आने वाले समय में यह आयोजन सिर्फ रस्म अदायगी बनकर रह जाएगा। उन्होंने कहा कि अति व्यस्त होने के बावजूद बतौर मुख्य अतिथि महापौर दीपक बाली ने समारोह में सहभागिता निभाई, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने अपेक्षा की कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल मार्गदर्शन में महापौर पद को सुशोभित कर रहे दीपक बाली के कार्यकाल में पंत पार्क वर्षभर 365 दिन जगमगाता रहेगा। उधर, समिति के महामंत्री गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि आयोजन से एक दिन पहले तक जिलाधिकारी को फोटो प्रेषित कर पार्क की बदहाली से अवगत कराया गया, किंतु अफसोस की बात है कि इस बार प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अपने शब्दों में उन्होंने स्पष्ट कहा कि “आयोजन की तैयारी पूरी थी, लेकिन प्रशासन की तैयारी अधूरी थी।” अधूरी तैयारी के लिए भी समिति ने प्रशासन का इस अपेक्षा के साथ आभार व्यक्त किया कि शायद अब इस ओर कोई ठोस कार्रवाई शुरू हो और साल में 365 दिन पंत पार्क की विशिष्ट पहचान बनी रहेगी। 40 वर्ष पूर्व शिवमोहन मेहरोत्रा ने की थी शुरूआत : पंत जयंती का कार्यक्रम काशीपुर में लगभग 40 वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। पं. गोविंद बल्लभ पंत जयंती समारोह समिति के महामंत्री गौतम मेहरोत्रा के मुताबिक उनके दादाजी श्री शिवमोहन मेहरोत्रा द्वारा यह कार्यक्रम काशीपुर (उत्तर प्रदेश) में आरंभ किया गया था। उसके बाद समूचे उत्तर प्रदेश में यह कार्यक्रम हर्षोल्लास से मनाया जाने लगा। उत्तराखंड राज्य का गठन होने के बाद समूचे उत्तराखंड में इस आयोजन की महत्ता बढ़ी, और अब यह आयोजन देशभर में मनाया जाता है। फ्रेमिंग छायाचित्र प्रदान कर किया अतिथिगण को सम्मानित
स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क में आयोजित कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री सुश्री सीमा चौहान, केडीएफ अध्यक्ष राजीव घई, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती अलका पाल, पूर्व महापौर श्रीमती उषा चौधरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष शमशुद्दीन, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज जोशी एडवोकेट व अनुपम शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने अपना संबोधन देते हुए पंत जी के जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आहवान उपस्थित जन से किया। आयोजन समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने अतिथिगण को पंत जी का फ्रेमिंग छायाचित्र प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथिगण ने कार्यक्रम की जमकर सराहना की। फ्री स्किन चेकअप कैंप लगाया
जयंती समारोह के दौरान काशीपुर के मेहरोत्रा नर्सिंग होम द्वारा चर्म रोगियों की सुविधा एवं सहायतार्थ फ्री चेकअप कैंप लगाया गया, जिसमें चर्म रोग से पीड़ित व्यक्तियों को निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयां प्रदान की गईं। लाभान्वित हुए व्यक्तियों ने आयोजन समिति एवं मेहरोत्रा नर्सिंग होम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। 51 जैविक एवं फलदार पौधे रोपे
भरपूर मेहनत और जिम्मेदारी के साथ आयोजित किए गए इस कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथिगण ने पंत पार्क में नीम, रुद्राक्ष, आंवला, गुड़हल, जामुन व अमरूद इत्यादि 51 जैविक एवं फलदार पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। “ख्वाहिश एनजीओ” के बच्चे पुरस्कृत काशीपुर। समारोह के दौरान “ख्वाहिश एनजीओ” के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के समापन पर पं. गोविंद बल्लभ पंत जयंती समारोह समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्रा द्वारा बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप 1100/- रुपये का नकद पुरस्कार और फूड पैकेट प्रदान किए गए।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
